Tuesday, June 11, 2019

जिम्मेदार नागरिक

31वीं लघुकथा
गेट पर याचक की भूमिका में खड़ा वह शख्स गिड़गिड़ाए जा रहा था लेकिन सुरक्षाकर्मी के चेहरे पर तनिक भी शिकन की बजाय मंद-मंद कुटिल मुस्कान दौड़ रही थी। कल तक वह अंदर बेखटके जाता रहा लेकिन अब सुरक्षागत कारणों के चलते उसका प्रवेश रोक दिया गया। उसने परिचय दिया। परिवार के बारे में बताया। पुराना हवाला भी दिया। यहां तक कि खुद के जिम्म्मेदार नागरिक होने का दावा भी लेकिन सुरक्षाकर्मी पर किसी भी बात का कोई असर नहीं है। आंखें तरेरता हुआ वह बोले जा रहा था, यह सिस्टम है, और इसी के हिसाब से उसको काम करना है। रही बात जिम्मेदार नागरिक होने की तो जिम्मेदार तो जम्मू कश्मीर के लोग भी हैं। जम्मू कश्मीर के जिम्मेदार नागरिक! सुरक्षाकर्मी की यह उपमा सुनकर वह शख्स एकदम से चौंका। उसे लगा मानों किसी ने गर्म शीशा उसके कानों में डाल दिया है। कश्मीर के नागरिक से तुलना के बाद उसको 'जिम्मेदार नागरिक' शब्द किसी गाली के तरह लगने लगा था।

No comments:

Post a Comment